Getting your Trinity Audio player ready...
|
विवेक कुमार जैन
आगरा,26 जनवरी। आगरा में भाजपा प्रत्याशी और भाजपा नेता पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इन दोनों के खिलाफ चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन और कोविड प्रोटोकाल का पालन न करने पर महामारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आगरा में पहले चरण में चुनाव है, 1० फरवरी 2०22 को मतदान होना है और आठ फरवरी तक प्राचार कर सकते हैं। मगर, 28 जनवरी तक रोड शो, साइकिल और बाइक रैली पर रोक है। साथ ही बिना अनुमति के सभा नहीं कर सकते हैं। ऐसे में फतेहाबाद से भाजपा प्रत्याशी छोटेलाल वर्मा के समर्थन में मंगलवार को फतेहाबाद स्थित फार्म हाउस में सभा की गई। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभा में भाजपा नेता राम सकल गुर्जर सहित अन्य भी शामिल हुए।
फार्म हाउस में की गई सभा के फोटो भाजपा नेता राम सकल गुर्जर के सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए, इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी और समर्थकों ने भी सोशल मीडिया पर फोटो साझा किए। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और थाना फतेहाबाद में भाजपा प्रत्याशी छोटे लाल वर्मा और भाजपा नेता रामसकल गुर्जर के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
भाजपा प्रत्याशी छोटेलाल वर्मा ने फतेहाबाद में अवंतीबाई चौराहे के पास अस्थायी कार्यालय खोलने की अनुमति प्रशासन से ली थी, सभा की अनुमति नहीं ली गई। इसके साथ ही कोविड प्रोटोकाल का भी पालन नहीं किया गया। इसके चलते मुकदमा दर्ज किया गया है।