Getting your Trinity Audio player ready...
|
आगरा,(विवेक कुमार जैन)। आगरा में मंगलवार को नकली सॉस बनाने के संदेह पर फैक्ट्री में छापा मारा गया जिसमें फैक्ट्री मालिक समेत तीन लोग हिरासत में लिए गये हैं।
हनुमान नगर निवासी व्यक्ति की सॉस बनाने की फैक्ट्री है। फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी। इसकी जानकारी रामबाग डिवीजन चौकी इंचार्ज उमर फारूक को हुई। मंगलवार को उन्होंने वहां छापा मारा। वहां पर भारी मात्रा में सॉस बनाई जा रही थी। उन्हें सॉस के नकली होने का शक हुआ। उन्होंने जानकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी को दी। साथ ही फैक्ट्री मालिक, उनके चाचा सहित मजदूर को हिरासत में लिया।
सूचना पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि रवि बसंल की फैक्ट्री से पांच नमूने भरे गए। फैक्ट्री में वेजिटेबल सॉस 41 पेटी ,सोया सॉस की 1० पेटी, सिंथेटिक विनेगर की पांच पेटी, रेड चिली सॉस की 4० पेटी सहित ढाई सौ ग्राम रंग भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में न्यू क्लासिक वेजिटेबल शॉप्स के नाम से माल की पैकिंग करते थे। इसके बाद आगरा के सभी क्षेत्रों में लोडिंग ऑटो से सप्लाई करते थे। फैक्ट्री का लाइसेंस मनोहर लाल के नाम से था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में स्टार्च और सिंथेटिक फूड कलर से सॉस बनाई जा रही थी। पांच सैंपल लिए गए हैं। उन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है।