Getting your Trinity Audio player ready...
|
विवेक कुमार जैन
आगरा,2 अप्रैल।
आगरा में पुलिस की सख्ती शुरू हो गयी है। पुलिस स्कूल जाने वाली छात्राओं, महिलाओं पर कमेंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी। शनिवार को स्कूल से लेकर पार्कों में पुलिस ने चेकिंग की तथा संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। इस संबंध में एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस सक्रिय है और वह हर स्कूल-कॉलेज, पार्क आदि जगहों पर मिशन शक्ति अभियान चलाकर मनचलों पर नजर रख रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने नवरात्र के पहले दिन से ही एंटी रोमियो स्क्वाइड को सक्रिय करने के आदेश दिए हैं। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। इसके बाद आगरा में शनिवार को सुबह से ही पुलिस सक्रिय हो गई। हर थाने की पुलिस ने अपने क्षेत्र के स्कूल और पार्क में चेकिंग अभियान चलाया। स्कूल के बाहर घूम रहे युवकों से पूछताछ की। स्कूल के प्राचार्य के साथ ही छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए हेल्प लाइन नंबर की जानकारी दी। कहा कि निर्भीक होकर अपनी शिकायत कर सकते हैं। पुलिस सुरक्षा के लिए तैयार रहेगी।
पुलिस की टीम महिला कांस्टेबल और मिशन शक्ति की टीम के साथ पार्कों में पहुंची। बुजुर्गों के साथ ही महिलाओं से जानकारी ली, पूछा कि किसी तरह की कोई परेशानी तो नहीं होती है। असमाजिक तत्व परेशान तो नहीं करते हैं। उन्हें हेल्प लाइन नंबर की जानकारी दी गई। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में भीड़ है। मंदिरों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गइ है। महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। महिलाओ की सुरक्षा हेतु टोल फ्री नंबर 1090, 1098, 1076, 112, 102 जारी किये गये हैं।