Getting your Trinity Audio player ready...
|
आगरा,5 सितंबर (विवेक कुमार जैन)।
आगरा में रविवार को केंद्रीय कारागार मेें बंद भदोई के विधायक विजय मिश्रा और एमएलसी कमलेश पाठक से मिलने आये प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान में ब्राह्मणों का मुद्दा तो सभी उठा रहे हैं लेकिन ब्राह्मणों की सुध तो प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने ली है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव आते ही ब्राह्मणों का मुद्दा सभी पार्टियां उठाने लगा हैं, जबकि ब्राह्मणों की सुध केवल प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने ही ली है। जेल में भी हम ही उनसे मिलने आए हैं। इन दो ब्राह्मण जनप्रतिनिधियों से मिलने अब तक कोई पार्टी का प्रतिनिधि नहीं आया।
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि हम सपा से गठबंधन के लिए पहले से ही प्रयास कर रहे हैं। लेकिन अभी तक उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने कहा कि लोग कह रहे हैं कि चुनाव आते ही हमने इसके प्रयास किए हैं, जबकि ऐसा नहीं है। हम इसके लिए बहुत पहले से ही प्रयास कर रहे हैं।
प्रसपा अध्यक्ष यादव ने कहा कि कोरोना काल में बंदियों की स्थिति बहुत खराब है। उन्हें बेहतर खाना नहीं मिल रहा है। सही से इलाज भी नहीं हो पा रहा है। कोविड संक्रमण काल में किसी ने भी उनकी सुध नहीं ली है। इसके लिए प्रसपा ने सीएम को पत्र लिखा है। रविवार को सवा एक बजे सेण्ट्रल जेल में पहुंचे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव की उक्त जेल में बंद नेताओं विधायक विजय मिश्रा, एमएलसी कमलेश पाठक से मुलाकात डेढ़ घण्टे तक चली। इसके बाद तीन बजे वह जेल से बाहर निकले।